पार्कों में प्रेमी युगल जमे, निगम अफसर दूसरे कामों में फंसे
ग्वालियर| त्योहार के इस मौसम में गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी है। शहर के प्रमुख पार्क इनदिनों गुलजार हैं। सुबह, शाम और दोपहर में इनदिनों यह पार्क प्रेमी जोड़ों से आबाद हो रहे हैं। ज्यादातर पार्क लश्कर क्षेत्र में मौजूद हैं। इन पार्कों में हाल ही में हुई बारिश के बाद खासी ठंडक हो गई है।
चाहे दोपहर का वक्त हो या सुबह-शाम शीतलता का अहसास होने लगा है। दरअसल शहर के सागर ताल और बैजाताल में इनदिनों प्रेमी युगल बैठे दिखाई दे रहे हैं। रात तक पार्कों की सीढ़ियों पर जमे इन प्रेमी युगल को बिना किसी रोक-टोक के बैठते देखा जाता है। शहर के भीड़ वाले इलाके में मौजूद सागरताल पर भी रात आठ बजे के बाद भी यहां बनी बैंचों व पत्थर की चेयर पर पेयर बैठे देखे जा सकते हैं। सागर ताल का प्रशासन इनकी आमद को देखता रहता है। इसी तरह नगर निगम के बाल भवन में भी सुबह-शाम और रात में प्रेमियों का जोड़ा बैठा दिखाई दे रहा है। निगम का यह पार्क बच्चों के लिए बनाया गया है। विशेष दिनों में यहां परिवार के साथ लोग यहां आते रहते हैं। किंतु यहां मौजूद प्रेमी युगल एक दूसरे की बाहों में लिपटे देखे जाते हैं।
इसी तरह के दृश्य फूलबाग स्थित पार्क में दिखाई दे रहा है। यह पार्क इनदिनों एलीवेटेड रोड की वजह से यहां अब कम ही लोगों का आना-जाना हो रहा है मगर फिर भी इसके एक हिस्से पर बनी चेयर्स खाली नहीं रहती। यह तो शहर के वे पार्क हैं जहां लोगों की ज्यादा आवाजाही होती है मगर कुछ ऐसे हैं जो एकांत में हैं। जहां किसी की कोई रोक-टोक नहीं है। यहां भी पूरे दिनभर प्रेमी युगल व आवारा किस्म के लोग जमे रहते हैं। पार्कों की देखभाल नगर निगम के हवाले है मगर नगर निगम का पूरा अमला त्योहार के चलते अन्य कार्यों में बिजी है। इस वजह से इन पार्कों का न तो देखभाल हो रही है न ही कोई मानीटरिंग की जा रही है।