शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर उतरे निगम आयुक्त एवं अपर आयुक्त


ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कचरे के ढेर एवं गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिटी सेंटर रोड पर सफाई कर्मचारियों से चर्चा की तथा डिवाइडर पर जमा मिट्टी को तत्काल हटाकर सफाई कराने के निर्देश दिए। गोविंदपुरी चौराहे पर कचरा पॉइंट पाए जाने पर संबंधित वार्ड हेल्थ ऑफिसर को समझाइश देते हुए शाम 7 बजे तक कचरा पॉइंट पूरी तरह हटाने तथा सफाई के बाद फोटो भेजकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। गोविंदपुरी क्षेत्र में रोड किनारे स्थित वाइन शॉप के आसपास कचरे के गिलास एवं पाउच पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। साथ ही आसपास की दुकानों, होटलों एवं रेस्टोरेंट में गंदगी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वार्ड क्रमांक 23 के थाटीपुर क्षेत्र में चौहान प्याऊ एवं द्वारिकाधीश मंदिर के पास भारी मात्रा में कचरा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई। आयुक्त एवं अपर आयुक्त ने प्राइवेट ट्रैक्टर क्रमांक 06 का आज का भुगतान रोकने तथा संबंधित जेडएचओ एवं डब्ल्यूएचओ का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं स्टार एमएस हॉस्पिटल द्वारा गंदगी फैलाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वार्ड क्रमांक 26 एवं 27 के मुरार चौराहा और बाज टॉकीज रोड पर ठेले वालों द्वारा गंदगी फैलाए जाने पर जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वार्ड क्रमांक 26 के डब्ल्यूएचओ का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 51 स्थित हनुमान बांध पर स्वर्णरेखा नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आज शाम तक संपूर्ण स्वर्णरेखा क्षेत्र में गंदगी वाले सभी स्थानों को चिह्नित कर उनकी लोकेशन एवं संख्या सहित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करें। साथ ही चिह्नित किए गए सभी गंदगी के स्पॉट को एक सप्ताह के भीतर पूरी तरह साफ कराने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करें।

posted by Admin
67

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->